नई दिल्ली : श्रीलंका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने 48 गेंदों में 80 रनों की शानदार पारी खेलते हुए एक विशेष उपलब्धि हासिल की है। स्मृति मंधाना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 हजार रन भी पूरे कर लिए। इस मैच में 27वां रन लेते ही उन्होंने यह आंकड़ा पूरा किया है और इसी के साथ पूर्व दिग्गज भारतीय बल्लेबाज मिताली राज का महारिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है।
स्मृति मंधाना से पहले महिला क्रिकेट में सबसे तेज 10000 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने का रिकॉर्ड मिताली राज के नाम था, उन्होंने 314 पारियों में ये कारनामा हासिल किया था जबकि मंधाना ने उनसे 34 पारियां कम खेलकर नया कीर्तिमान बना दिया है। स्मृति मंधाना 10000 रन का आंकड़ा पार करने वाली चौथी ही महिला क्रिकेटर हैं। भारत की मिताली राज, न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स और इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स ने मंधाना से पहले इंटरनेशनल क्रिकेट में यह मुकाम हासिल किया है।
श्रीलंका के खिलाफ इस टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में स्मृति मंधाना ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मंधाना भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक छक्के लगाने वाली महिला बल्लेबाज बन गईं। अब उनके नाम 80 छक्के दर्ज हो चुके हैं। इस मामले में उन्होंने कप्तान हरमनप्रीत कौर को पीछे छोड़ दिया है जिनके नाम 78 छक्के दर्ज हैं।
महिला टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने वाली भारतीय बल्लेबाज
80 – स्मृति मंधाना
78 – हरमनप्रीत कौर
69 – शेफाली वर्मा
39 – ऋचा घोष
22 – जेमिमा रोड्रिग्स

आज के इस मैच में एक और बड़ा रिकॉर्ड बना है। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की भारतीय ओपनिंग जोड़ी ने टी20 इंटरनेशनल महिला क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। भारत की इस जोड़ी ने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3 हजार रन के आंकड़े को हासिल कर लिया है। इस भारतीय जोड़ी के अलावा महिलाओं के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी अन्य जोड़ी ने यह कारनामा नहीं किया है। उनके बाद इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर एलिसा हीली और बेथ मूनी की जोड़ी दूसरे स्थान पर है, जिसने टी20 अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में 2,720 रनों की साझेदारी की है।
ये भी पढ़ें – 2025 में सोने ने बनाये कई रिकॉर्ड, अब 2026 में क्या है संभावना, देखिये रिपोर्ट