कोटद्वार : मुस्लिम युवक की दुकान का ‘बाबा’ नाम बदलने से रोकना हिंदू युवक दीपक कुमार को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर मोहम्मद दीपक के नाम से वायरल हो रहा है दीपक अक्की कुमार उस समय मुसीबत में फंस गए जब उनके जिम सेंटर पर सैकड़ो की तादाद में बजरंग दल के कार्यकर्ता विरोध करने पहुंच गए। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आक्रोश में दीपक कुमार के खिलाफ जाति वाचक शब्दों का प्रयोग किया और उन्हें मुकाबला करने के लिए ललकारा। स्थानीय पुलिस ने भारी तादाद में मौके पर पहुंचकर धार्मिक उन्माद को बढ़ने से रोक दिया और किसी तरह दीपक कुमार को सुरक्षित स्थान पर ले गयी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों ने पुलिस में तहरीर दे दी है और पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
आपको बता दे कि विवाद बीते दिनों तब शुरू हुआ जब बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता पटेल मार्ग पर एक मुस्लिम व्यक्ति की दुकान पर पहुंचे जिनकी दुकान का नाम बाबा मेचिंग सेंटर था। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि बाबा हिंदू धर्म का शब्द है आपको यह नाम बदलना होगा। मुस्लिम व्यक्ति ने हवाला दिया कि उनकी दुकान 30 साल से ज्यादा पुरानी है और यही नाम शुरू से रखा हुआ है जबकि बोर्ड पर उनका मुस्लिम नाम भी लिखा हुआ है। बजरंग दल के कार्यकर्ता अपनी मांग पर अड़े रहे। इसी बीच भीड़ में से एक व्यक्ति ने आकर उनके हंगामे का विरोध किया और बाबा नाम को सही ठहराया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उस व्यक्ति से उसका नाम पूछा तो उसने अपना नाम मोहम्मद दीपक बताया। फिर कुछ और लोग भी दीपक के पक्ष में आ गए और मामले ने तूल पकड़ लिया। इस घटना के बाद बहुत तेजी से दीपक कुमार सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। लोगों ने उनका जमकर समर्थन किया और उन्हें हिंदू मुस्लिम एकता का प्रतीक बताया।

उसे समय तो बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को लौटना पड़ा लेकिन शनिवार को भारी तादाद में वो सभी दीपक कुमार के जिम सेंटर पर पहुंच गए और जमकर नारेबाजी करने लगे। भीड़ में से ही कुछ कार्यकर्ताओं ने दीपक कुमार के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें मुकाबला करने के लिए ललकारा। हालांकि भारी तादाद में मौजूद पुलिस बल ने शहर की शांति व्यवस्था को बनाए रखा और दीपक को सुरक्षित स्थान पर ले गई। यह घटना भी उसे समय हुई जबकि शहर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कार्यक्रम था। पुलिस ने किसी तरह मामले की गंभीरता को समझते हुए एक बड़े घटनाक्रम को होने से रोक लिया।
शरद पवार का बड़ा बयान, ‘अजीत चाहते थे एनसीपी का विलय, उनकी इच्छा पूरी हो’