Sign Image
देहरादून: राजधानी देहरादून में वारदात थमने का नाम नहीं ले रही हैं। 4 दोस्तों पर बेसबाल बेट से अपने ही साथी की हत्या का आरोप लगा है। मामला नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र का है जहां पार्टी के दौरान हुए विवाद में चार दोस्तों ने एक युवक की हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उन्होंने एक टैक्सी बुक की और लाश जंगल में रेत से दबा आए। पुलिस ने पटेलनगर निवासी टैक्सी चालक राजनन्दन को गिरफ्तार कर कार भी कब्जे में ले लिया है।
आपको बता दें कि वसंत विहार थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में रहने वाला दिगंबर धीमान बीते नौ फरवरी से लापता था। परिजनों की शिकायत पर 11 फरवरी को वसंत विहार थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज, कॉल रिकार्ड और लोकेशन के आधार पर पुलिस एक टैक्सी चालक तक पहुंच गई। इस टैक्सी चालक की कार से ही चारों युवकों ने दिगंबर की लाश को ठिकाने लगाया था। पुलिस ने हिरासत में लेकर उससे सख्ती से पूछताछ की तो एक के बाद एक कडियां जुड़ती चली गईं। इस टैक्सी चालक राजनन्दन की निशानदेही पर हरिद्वार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र के चिडियापुर के जंगल से पुलिस ने युवक का शव बरामद कर लिया। दिगंबर के शव को रेत में दबाकर छिपाया गया था।
बताया गया है कि दिगंबर अपने चार दोस्तों हेमंत सेमवाल, अंकित, संजू और आदिल के साथ पार्टी करने के लिए नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में गया था। यहां उन सभी ने शराब पी। इसी दौरान इनमें किसी बात को लेकर ज्यादा कहासुनी हो गई। इससे गुस्साए दोस्तों ने उस के सिर पर बेसबाल के बैट से वार कर दिया। उस पिटाई से दिगंबर की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद युवकों ने एक टैक्सी से शव को दूसरे जिले की सीमा क्षेत्र में जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।
उत्तराखंड बजट सेशन: सरकार ने भराड़ीसैण विधानसभा में तय की तिथि, 9 मार्च से होगा बजट सत्र