मुंबई: क्रिकेट पर राज करने वाली ऑस्ट्रेलिया का सफर टी-20 विश्व में ग्रुप स्टेज में ही थम गया है। यह इस टूर्नामेंट में सबसे बड़ा उलटफेर है क्योंकि 17 साल बाद ऐसा हो रहा है जब कंगारू टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई है। जिम्बाब्वे और श्रीलंका से मैच हारने के बाद ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें बढ़ गयी थी और रही-सही कसर बारिश ने पूरी कर दी जब जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच टी20 विश्व कप में ग्रुप बी का मुकाबला बारिश के चलते रद्द हो गया है और दोनों टीमों को एक-एक अंक मिल गये। इसका फायदा जिम्बाब्वे की टीम को हुआ है और वह सुपर आठ स्टेज में पहुंच गई है। आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलिया 2021 विश्व कप की चैम्पियन रह चुकी है।
इस टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया ने पहले मैच में आयरलैंड को 67 रनों से हराकर अपने अभियान की शुरुआत शानदार तरीके से की। इसके बाद अगले मैच में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से हराकर उलटफेर किया था। फिर श्रीलंका ने भी ऑस्ट्रेलिया को तीसरे मैच में आठ विकेट से करारी शिकस्त दी और उसके अभियान को झटका लगा। अब ऑस्ट्रेलिया को अपेन अंतिम मैच में 20 फरवरी को ओमान का सामना करना है। ऑस्ट्रेलिया टीम इस मैच में जीत हासिल कर सम्मान के साथ विश्व कप से विदा लेना चाहेगी।
आपको बता दें कि टी20 विश्व कप में 17 साल बाद ऐसा हो रहा है जब ऑस्ट्रेलिया की टीम ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गयी है। इससे पहले 2009 टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया का सफर ग्रुप चरण में थम गया था और अब 2026 में भी ऐसा ही हुआ है। टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया की टीम दो बार सेमीफाइनल से बाहर हुई है, जबकि एक बार उपविजेता रही है और 2021 में आरोन फिंच की अगुआई में एक बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता है।
उत्तराखंड बजट सेशन: सरकार ने भराड़ीसैण विधानसभा में तय की तिथि, 9 मार्च से होगा बजट सत्र