देहरादून: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रहे हैं। इस दौरान
प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर जीत के दावेदारों पर मंथन किया जायेगा। उनके दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी है। हाल ही के दिनों में पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अप्रत्यक्ष रूप से कार्यकर्ताओं में जोश भर चुके हैं। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के तीन दिवसीय दौरे को भाजपा संजीवनी के तौर पर देख रही है।
कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का आगामी दौरा चुनावी तैयारियों के नजरिए से राज्य भाजपा के लिए काफी अहम है। भाजपा समय रहते एक-एक सीट पर मंथन करने जा रही है। किस सीट पर कितनी दावेदारी है। मौजूदा विधायक कितने मजबूत हैं। उनकी जनता के बीच भागीदारी और कार्यशैली कैसी है। किन सीटों पर दूसरे दल से आये नेता को टिकट दिया जा सकता है। इन सभी के अलावा और भी कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन किया जायेगा। भाजपा आगामी चुनाव को बहुत अहम मान रही है।
इस बीच पांच राज्यों के चुनाव नतीजे भी सामने आ जायेंगे। हालांकि उत्तराखण्ड अलग मुद्दों और अलग भौगोलिक परिस्थिति वाला प्रदेश है लेकिन भाजपा को सकारात्मक और नकारात्मक दोनों तरह की स्थिति को समझने और सुधारने का समय होगा। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस प्रवास में मंडल से लेकर प्रदेश और सरकार में कैबिनेट मंत्रियों की बैठक लेंगे। इस दौरान वे बलबीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रदेश कोर ग्रुप की भी बैठक लेंगे। जिसमें मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद समेत कोर कमेटी के अन्य सदस्य शामिल होंगे।
इन बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा होगी। राज्य के वर्तमान राजनैतिक परिदृश्य का खाका खींचा जायेगा विधानसभावार पार्टी की तैयारियों का ब्यौरा प्रस्तुत होगा। केंद्र और राज्य सरकार के कामों का जनता पर प्रभाव, विधायकों का आवरआल प्रदर्शन और क्षेत्रवार मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।