देहरादून: राजधानी में दिल दहलाने वाले दोहरे हत्याकांड की हकीकत सामने आ गयी है। रिश्तों को तार-तार करते हुए पत्नी ने ही अपने पति और ससुर को मौत के घाट उतारा था। पुलिस ने खुलासा करते हुए कहा कि आरोपी दीपिका राणा ने हरियाणा निवासी योगेश के साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया था।
गौरतलब है कि एक दिन पूर्व राजधानी देहरादून स्थित रायपुर थाने में प्रेम सिंह राणा और उनके पुत्र राजेश राणा की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी गई थी, आरोपी महिला ने ही ये रिपोर्ट दर्ज करायी थी। रिपोर्ट में लिखा गया था कि उसके पति और ससुर बुलन्दशहर के लिए ज़मीन के सिलसिले में निकले थे लेकिन बुलन्दशहर नहीं पहुंचे। रविवार की सुबह कुआंवाला से सेंट्रो कार में जब दो लाशें बरामद हुई तो प्रशासन के हाथ-पांव फूल गये। मामले की तफ्तीश की गई तो ये लाशें उनकी ही थी जिनकी रिपोर्ट दर्ज हुई। एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने खुद जिम्मा उठाते हुए दीपिका राणा से सख्ती से पूछताछ करायी तो सारी हकीकत सामने आ गई। पुलिस के खौफ के सामने घुटने टेकते हुए आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और सारी हकीकत उगल दी। अपना राज़ खोलते हुए उसने कहा कि अपने प्रेमी योगेश से शादी और पाॅपर्टी हड़पने के लिए उसने दोनों को मौत के घाट उतारा था। पुलिस ने कातिल पत्नी और उसके आशिक को गिरफ्तार कर लिया है।