देहरादून: प्रदेश भाजपा के सबसे वरिष्ठ विधायक हरबंश कपूर को उत्तराखण्ड का प्रोटेम स्पीकर बनाया गया है। राज्यपाल डा0 कृष्ण कांत पाल ने सोमवार को राजभवन में विधान सभा के नव निर्वाचित वरिष्ठ सदस्य हरबंश कपूर को प्रोटैम स्पीकर के पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों सहित मौजूद थे।
गौरतलब है कि इससे पूर्व निर्वाचित भाजपा सरकार में हरबंश कपूर ने विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभायी थी। देहरादून की कैंट विधानसभा सीट से निर्वाचित होकर विधानसभा पहुंचे हरबंश कपूर लगातार 1989 से भाजपा को जीत दिलाते चले आ रहे हैं। 1989 में उन्होंने देहरादून सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हीरा सिंह बिष्ट को हराया था, उसके बाद 1991, 1993, 1996, 2002, 2007, 2012 और अब 2017 में विजय हासिल की है।