देहरादून : लम्बी जद्दोजहद के बाद आख़िरकार कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष का चयन कर लिया है। कांग्रेस ने अनुभव को ध्यान में रखते हुए इंदिरा ह्रदयेश के नाम पर आम सहमति जताई हैं साथ ही करन मेहरा विधायक रानीखेत को उपनेता कांग्रेस विधानमण्डल दल एवं ममता राकेश मुख्य सचेतक कांग्रेस विधानमण्डल दल चुना गया। तीनों नेताओं के चयन की घोषणा उत्तराखण्ड कांग्रेस कमेटी की प्रभारी अम्बिका सोनी द्वारा की गई। इस अवसर पर कांग्रेस विधानमण्डल दल के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
कांग्रेस विधानमण्डल के पदााधिकारियों के चुने जाने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि डाॅ0 इन्दिरा हृदयेश जी के अनुभवों का लाभ निश्चित रूप से कांग्रेस पार्टी को मिलेगा और डाॅ0 हृदयेश सशक्त प्रतिपक्ष की भूमिका निभाते हुए भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सदन में और सदन के बाहर अपनी आवाज बुलन्दी से उठाते हुए जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करेंगी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी कांग्रेस विधानमण्डल दल के नव निर्वाचित नेताओं को बधाई एवं शुभकामनायें दी है।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी अम्बिका सोनी सांसद, शैलजा कुमारी सासंद, पूर्व मुख्यमंत्री हरी्श रावत, सह प्रभारी संजय कपूर की उपस्थित में नव निर्वाचित विधायक शामिल रहे।