उत्तर प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बने योगी आदित्यनाथ ने जबसे मुख्यमंत्री का पद संभाला है तबसे कई गांव के दौरे किए है और अपने कार्यो के लिए उत्तर प्रदेश की जनता के बीच अपनी एक अलग सी छवि बना चुके है। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कुशीनगर के मैनपुर कोट गांव का दौरा करना था। खबर ये भी थी कि वह मुसहर बस्ती का भी निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरा करने से पहले एक बात जो यहां सबसे ज्यादा अजीब हुई वो ये कि मुख्यमंत्री के आने से पहले यहां साबुन, शैंपू और सेंट बांटे गए। प्रशासन के आला अधिकारियों ने इस दलित बस्ती के लोगों से कहा कि मुख्यमंत्री के पास जाना तो नहा-धोकर, पाउडर लगाकर जाना। उन्हें मुख्यमंत्री के दौरे से पहले साफ-सुथरा रहने की हिदायत दी गई। गांव वालों ने बताया कि विकास से कोसों दूर रहे इस गांव में मुख्यमंत्री के आने की खबर मिलते ही अधिकारियों ने इस गांव की ओर ध्यान देना शुरू कर दिया। सड़क-खड़ंजा तो ठीक ही किया गया, साथ ही लोगों के लिए शौचालय भी बनवाए गए। लोगों के घरों के अंदर भी साफ सफाई करवाई गई। बिजली की व्यवस्था भी हुई। गांव के एक बुजुर्ग का ये कहना कि साहब लोग आए और साबुन, पाउडर, शैंपू दिए, कहा ये सब लगाकर ही मुख्यमंत्री के पास जाना है। अब इस बात से खुद अंदाजा लगाया जा सकता है कि जहां के लोगो को पहले साबुन पाउडर दिया जा रहा है और कहा जा रहा कि पहले नहाकर आना वहां के लोगो का दर्द या परेशानी सीएम योगी कैसे समझेगें और उनकी समस्याओं को कैसे दूर करेगें।