देहरादून : सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए सरकार तैयार है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की है और अफसरों को बेहतर इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि यात्रा राज्य की लाइफ लाइन है, जिसे व्यवस्थित, सुरक्षित, स्वच्छ और तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा में विशेषकर हेली सेवाओं में व्यावसायिक दृष्टिकोण की अपेक्षा मानवीय संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सीएम ने सख्ती बरतते हुए कहा है कि अफवाह फैलाने वालों पर एफआईआर दर्ज होगी।
सरकार का उद्देश्य चारधाम यात्रा को सुरक्षित व सुगम बनाना है जिसके सरकार ने सख्त एक्शन प्लान तैयार किया है। सीसीटीवी और एआई आधारित निगरानी से यात्रा को हाईटेक बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर बीते वर्ष शुरू की गई ग्रीन व क्लीन चारधाम यात्रा की मुहिम को इस बार और अधिक प्रभावी रूप में लागू किया जाएगा। इसके लिए सीएम ने प्लास्टिक मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यात्रा मार्गों पर पर्याप्त संख्या में कलेक्शन बॉक्स लगाने और प्लास्टिक के उपयोग पर सख्ती से नियंत्रण करने के निर्देश दिए हैं।
हेलिकॉप्टर यात्रा पर भी मुख्यमंत्री ने गंभीरता दिखायी है। मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए कि हेलिकॉप्टरों की नियमित फिटनेस जांच अनिवार्य तौर पर की जाए। ऑपरेशनल ओवर लोडिंग से बचने के लिए समय-समय पर इन सेवाओं को विश्राम दिया जाए और एसओपी का पूरी सख्ती से पालन किया जाए। सीएम ने मौसम आधारित जानकारी व निगरानी प्रणाली को मजबूत बनाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ये भी स्पष्ट किया कि यात्रा मार्ग पर गैस, पेट्रोल, डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जिला पूर्ति अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी कर नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं और प्रतिदिन मॉनिटरिंग करें। साथ ही यात्रा मार्गों पर मेडिकल यूनिट के साथ ही अस्थायी अस्पताल स्थापित करें।
मुख्यमंत्री ने ये भी निर्देश दिये कि धामों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को लंबा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए स्लॉट प्रबंधन व भीड़ नियंत्रण प्रणाली को प्रभावी बनाएं। उन्होंने कहा कि रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम का उपयोग किया जाए और ऑफलाइन पंजीकरण केंद्रों पर भीड़ से बचने के लिए केंद्र बढ़ाने और डिजिटल प्रक्रिया को सरल बनाया जाए।
कानून-व्यवस्था को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए सीएम ने कहा कि मुख्य मार्गों, चौराहों और बाजारों में पुलिस व होमगार्ड की पर्याप्त तैनाती करें। उन्होंने ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए कि जाम की स्थिति बिल्कुल उत्पन्न न हो और इसके लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए और स्थानीय नागरिकों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्गों की पहचान और संचालन किया जाए।