देहरादून: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम में उत्तराखंड के 4 बड़े नेताओं को जगह मिली है। इस नई टीम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भी शामिल किया गया है। साथ ही गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को एक बार फिर मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गयी है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में लंबे समय महामंत्री संगठन पद पर सेवाएं देने वाले आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है और महेंद्र पांडे की बतौर राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री पद पर भूमिका बरकरार रखी गई है।
भाजपा केंद्रीय नेतृत्व की ओर से राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का कद एक बार फिर बढ़ गया है। तीरथ सिंह रावत ने 2022 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कुछ माह तक प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली थी उनके बाद पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश की कमान सौंपी गयी। इस दौरान वे गढ़वाल सांसद बने रहे थे। सीएम पद से हटाने के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में उनका टिकट भी कट गया था। अब केंद्रीय नेतृत्व ने तीरथ को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर जिम्मेदारी सौंप कर उनका कद बढ़ा दिया है।
नितिन नवीन की नई टीम की हुई घोषणा, स्मृति ईरानी और तारिक मंसूर को मिली बड़ी जिम्मेदारी