नई दिल्ली : राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर उत्तराखंड के दीपक (मोहम्मद दीपक) का समर्थन किया है। राहुल गांधी ने कहा कि उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो हैं।
अपनी बात को आगे बढ़ते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं – उस संविधान के लिए जिसे BJP और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साज़िश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का जीवित प्रतीक हैं और यही बात सत्ता को सबसे ज़्यादा चुभती है।
राहुल गांधी ने कहा कि संघ परिवार जानबूझकर देश में आर्थिक और सामाजिक ज़हर घोल रहा है, ताकि भारत बँटा रहे और कुछ लोग डर के सहारे राज करते रहें। उत्तराखंड की BJP सरकार खुलेआम उन असामाजिक ताक़तों का साथ दे रही है जो आम नागरिकों को डराने और परेशान करने में लगी हैं।
उन्होंने कहा कि नफ़रत, डर और अराजकता के माहौल में कोई भी देश आगे नहीं बढ़ सकता। शांति के बिना विकास सिर्फ़ एक जुमला है। हमें और दीपकों की ज़रूरत है – जो झुकें नहीं, जो डरें नहीं, और जो पूरी ताक़त से संविधान के साथ खड़े रहें।
राहुल गांधी ने दीपक कुमार को हिम्मत देते हुए कहा कि हम तुम्हारे साथ हैं भाई। डरो मत। तुम बब्बर शेर हो।
गौरतलब है कि आपको बता दे कि विवाद बीते दिनों तब शुरू हुआ जब बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता पटेल मार्ग पर एक मुस्लिम व्यक्ति की दुकान पर पहुंचे जिनकी दुकान का नाम बाबा मेंचिंग सेंटर था। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि बाबा हिंदू धर्म का शब्द है आपको यह नाम बदलना होगा।
मुस्लिम व्यक्ति ने हवाला दिया कि उनकी दुकान 30 साल से ज्यादा पुरानी है और यही नाम शुरू से रखा हुआ है जबकि बोर्ड पर उनका मुस्लिम नाम भी लिखा हुआ है। बजरंग दल के कार्यकर्ता अपनी मांग पर अड़े रहे। इसी बीच भीड़ में से एक व्यक्ति ने आकर उनके हंगामे का विरोध किया और बाबा नाम को सही ठहराया।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उस व्यक्ति से उसका नाम पूछा तो उसने अपना नाम मोहम्मद दीपक बताया। फिर कुछ और लोग भी दीपक के पक्ष में आ गए और मामले ने तूल पकड़ लिया। इस घटना के बाद बहुत तेजी से दीपक कुमार सोशल मीडिया पर वायरल हो गए।
‘बाबा’ नाम पर बवाल, दीपक को भारी पड़ा मुस्लिम पड़ोसी का साथ देना