टिहरी : टिहरी झील के डोबरा-चाटी क्षेत्र में शनिवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने फ्लोटिंग हटमेंट को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस तूफान में करीब 30 लोग फंस गये। जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाते हुए ट्रैकिंग गतिविधियों पर नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी तेज करने के निर्देश जारी किए हैं।
आपको बताते हैं कि आपदा कंट्रोल रूम टिहरी गढ़वाल को सूचना मिली कि डोबरा-चाटी के पास तेज आंधी-तूफान के कारण झील में बने फ्लोटिंग हटमेंट टूट गए हैं और इस तूफान में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। ये सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट कोटी कॉलोनी से उपनिरीक्षक नरेंद्र राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने पाया कि तेज आंधी-तूफान के चलते फ्लोटिंग हटमेंट क्षतिग्रस्त होकर बह गए थे। एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और करीब 25 से 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
वही मौसम विभाग ने तीन से पांच मई को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके दृष्टिगत राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जिलों आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
उत्तराखंड आ रहे हैं नितिन नवीन, प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर होगा मंथन