देहरादून: रविवार 3 मई को देहरादून में एक गुनगुनाती हुई सुबह अचानक अंधेरे में बदल गयी और झमाझम बारिश शुरू हो गई और कई इलाकों में जमकर ओलावृष्टि हुई। वहीं, आस पास के इलाकों में भी इस बदलते मौसम ने तापमन में गिरावट कर दी है। वहीं प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने देहरादून समेत कई जिलों में चार और पांच मई के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी किये गये पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश और बिजली चमकने की संभावना है और इसके अलावा 4000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का भी अनुमान लगाया गया है जबकि प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
आपदा विभाग ने सभी संबंधित विभागों, जैसे राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, बीआरओ आदि को मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल बहाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही ग्राम स्तर तक अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने एवं आपदा उपकरणों तथा संसाधनों को तैयार स्थिति में रखने को कहा गया है। वहीं विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
टिहरी झील में फंसे 30 लोग,SDRF ने चलाया रेस्क्यु अभियान, सुरक्षित निकाला