देहरादून: जून में मानसून से पहले गर्मी के तेवर कम होने के आसार नहीे लग रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक अगले चार-पांच दिन तक अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस माह के अंत में उत्तराखंड में मानसून अपनी दस्तक देंगे लेकिन उससे पहले गर्मी अपने तेवर दिखाती रहेगी। दरअसल चटक धूप खिलने से सामान्य तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और खासकर मैदानी इलाकों में दिन के समय गर्मी परेशान करेगी। हालांकि इस दौरान हल्की दौर की बारिश होने की भी संभावना जतायी जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार 21 जून को देहरादून समेत उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही पर्वतीय जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के भी आसार हैं। वहीं शनिवार को दून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा 37.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 24.4 डिग्री दर्ज किया गया। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों में भी दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का ये भी कहना है कि 22 से 25 जून के बीच मानसून पहुंचने का अनुमान है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा में किया युवाओं और जवानों के साथ योग