देहरादून: भाजपा ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। सीएम धामी ने भी इस यात्रा में भाग लिया। गांधी पार्क से निकाली गई तिरंगा यात्रा में सीएम ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की ज्वाला को सदैव प्रज्वलित रखने का आहवान किया।

इस मौके पर सीएम धामी ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महान नायक स्व. इन्द्रमणी बडोनी और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वह गांधी पार्क से घंटाघर तक कार्यकर्ताओं के साथ तिरंगा यात्रा में भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि तिरंगा यात्रा, राष्ट्र गौरव का उत्सव है। तिरंगा हम करोड़ों भारतवासियों के स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और वीर जवानों ने तिरंगे पर कभी कोई आंच नहीं आने दी है और हमारा संकल्प है कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे। राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि के कण-कण में बसी हुई है।