देहरादून: उत्तराखंड में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है जिसके चलते सभी जिला प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिये गये हैं। खासकर चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में अधिक बारिश होने की संभावना जतायी जा रही है।
आपको बता दें कि उत्तराखंड में 9 से 11 अगस्त के बीच मानसून एक बार फिर सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने विशेष प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि इस अवधि में राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश रह सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने कहा कि 9 अगस्त को चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। वहीं देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। अन्य सभी जिलों में भी तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई जा रही है। जबकि 10 अगस्त को देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत जिले के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
नई प्रदेश कार्यकारिणी : लम्बे इंतेजार के बाद गणेश गोदियाल को मिली टीम