रुद्रपुर: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दो दिवसीय अपनी यात्रा में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। खरगे ने जिलाध्यक्षों से बूथ स्तर के संगठन, स्थानीय मुद्दों और कार्यकर्ताओं की स्थिति को लेकर सीधे सवाल-जवाब किए और कांग्रेस की जमीनी नब्ज़ टटोली।
आपको बता दे कि करीब ढाई घंटे से चल रही इस बैठक का मुख्य फोकस आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी थी और खरगे ने एक-एक जिले का फीडबैक लिया। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि उन्होंने जिलाध्यक्षों से पूछा कि बूथ स्तर पर संगठन कितना मजबूत है, सरकार की नाकामियों को जनता तक कैसे पहुंचाया जा रहा है और स्थानीय मुद्दों पर क्या काम किया जा रहा है। कई पदाधिकारियों से उन्होंने टिकट वितरण, आपसी गुटबाजी और कार्यकर्ताओं की नाराजगी पर भी सीधे सवाल जवाब किए।
अपने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए खरगे ने कहा कि अब फोटो वाली राजनीति नहीं चलेगी और जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को ही आगे लाया जाएगा। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि हर विधानसभा में छह महीने के अंदर जनसंपर्क अभियान चलाया जाए और सरकार के खिलाफ गांव-गांव में मुद्दे उठाए जाएं। कहा जा रहा है कि इस बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और अग्निवीर जैसे मुद्दों को चुनाव में भुनाने की रणनीति पर भी चर्चा की गयी।
करीब चार घंटे चली बैठक के बाद खरगे ने पार्टी के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, विधायकों और पूर्व सांसदों को 2027 चुनाव के लिए स्पष्ट निर्देश दिए। खरगे ने कहा कि अब कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय होना होगा और सरकार की नाकामियों को घर-घर तक पहुंचाना होगा।
नई प्रदेश कार्यकारिणी : लम्बे इंतेजार के बाद गणेश गोदियाल को मिली टीम