नई दिल्ली: दिल्ली में महिलाओं के साथ किये जा रहे अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। नेपाल मूल की एक महिला को दिल्ली के पॉश इलाके पांडवनगर में पांच दोस्तों ने मिलकर अपनी हवस का शिकार बना लिया। बाद में उसे नग्न अवस्था में बाथरूम में बंद कर दिया। उसने अपनी जान बचाने को पहली मंजिल से छलांग लगा दी। इस बीच एक आरोपी ने अप्राकृतिक यौनाचार भी किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद मामला दर्ज कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में एक इंजीनियर है, जबकि चार नोएडा में एक नामी कॉल सेंटर में नौकरी करते हैं। पुलिस के मुताबिक, नेपाल मूल की शालू (28)(बदला हुआ नाम) सपरिवार मुनिरका इलाके में रहती है। इसके दो बच्चे भी हैं।
दरअसल नवीन देशमुख नामक युवक की शालू से पहचान थी। शनिवार शाम को घुमाने की बात कर नवीन धोखे से शालू को पांडव नगर स्थित अपने फ्लैट पर ले आया। यहां उसके चार दोस्त प्रतीक कुमार, विकास मेहरा, सर्वजीत और लक्ष्य पहले से मौजूद थे। आरोपियों ने शालू को फ्लैट में बंधक बना लिया। पांचों युवकों ने फ्लैट में शराब पी। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर बारी-बारी से सभी ने शालू के साथ दुष्कर्म किया। तड़के एक आरोपी ने पीड़िता के साथ अप्राकृतिक यौनाचार भी किया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर आरोपियों ने शालू को बाथरूम में बंद कर दिया। रविवार सुबह करीब 5ः30 बजे शालू नग्न अवस्था में पहली मंजिल स्थित फ्लैट के बाथरूम से नीचे कूद गई। लोगों ने जब उसके चिल्लाने की आवाज सुनी, तो मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने टांगों में चोट लगने के कारण शालू को एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। पीड़िता के कूदने की घटना फ्लैट के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने गैंगरेप, कुकर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।