टिहरी गढ़वाल : पहाड़ की छवि युवा ही बदल सकते हैं, ये साबित कर दिखाया है घनसाली तहसील के अमरसर गांव के युवाओं ने। दरअसल भारी बारिश की वजह से गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाला रास्ता टूट गया है। इसकी वजह से लोगों को बाज़ार तक पहुचने में दिक्कत हो रही है। स्कूली बच्चों को 10 मिनट का रास्ता छोड़ 2.5 किलोमीटर चलना पड़ रहा है। गांव के प्रधान का कहना है कि फिलहाल उसके पास बजट नही आया है, इसलिए वह कुछ नही कर सकता। प्रधान से यह जवाब मिलने के बाद गांव के युवाओं ने खुद ही रास्ते की मरम्मत करने का बीड़ा उठाया और हाथ में फावड़ा कुदाल लेकर रास्ते को चलने लायक बना दिया। इन युवाओं को देखकर पूरा गांव साथ आ गया है। इस रास्ते को कंक्रीट का बनाने के लिए लोगों ने आपस में पैसे जमा करने शुरू कर दिए हैं।
इस काम में दिल्ली, मुम्बई और पंजाब रहने वाले गांव के कई लोगों ने भी पैसे देने शुरू कर दिए हैं। स्थानीय युुुुवक कपिल जोशी के मुताबिक अभी तक 50 हज़ार रुपये उनके पास रास्ते के लिए जमा हो गए हैं और रास्ते को पक्का करने का काम जल्द ही शुरू होगा|
अमरसर के निवासियोों ने व्हाट्सएप्प ग्रुप बनाया है, जिसके जरिये इस काम के लिए परदेस में रहने वाले लोगों से फण्ड जुटाया जा रहा है। अब यहां के लोग एक ट्रस्ट बनाने की तैयारी कर रहे हैं, जिसमें गांव का हर व्यक्ति 100 -100 रुपये का हर महीने योगदान देगा और गांव को ऐसी किसी भी परेशानी से बचाएगा।