नई दिल्ली : भारत और न्यूजीलैंड ने अपने रिश्तों को आगे बढ़ाते हुए मुक्त व्यापार समझौता किया है। इस समझौते की न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि ये हमारी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धि है और भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा कि हमने अपने पहले कार्यकाल में भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौता करने का जो वादा किया था उसे पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों वाला बड़ा बाजार उपलब्ध होने से ज्यादा नौकरियां, अच्छी कमाई और बेहतर निर्यात की राह खुल जायेगी। यह उनकी सरकार के एजेंडे का हिस्सा है जिसका उद्देश्य बुनियादी चीजों को ठीक करते हुए भविष्य का निर्माण करना है।
आपको बता दें कि हाल ही में भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) ने भारतीय निर्यातकों के लिए भी एक नया अवसर खोला है। इस समझौते के बाद भारत के टेक्सटाइल, मरीन प्रोडक्ट्स, इंजीनियरिंग और एमएसएमई सेक्टर को बड़ी राहत मिलने की संभावना है क्योंकि न्यूजीलैंड में टैरिफ कम होने से भारतीय उत्पादों की मांग बढ़ेगी।