देहरादून : उत्तराखंड में धामी कैबिनेट का विस्तार हो गया है। विधायक खजान दास, मदन कौशिक सहित सहित पांच विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है। लोक भवन में लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) जी ने मंत्रियों को शपथ दिलाई। राजपुर रोड विधायक खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह केड़ा ने आज धामी मंत्रिमंडल में मंत्रिपद की शपथ ली है। प्रदेश में लंबे समय से कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं थी, जिन पर आज विराम लग गया है।
आपको बता दे की क्षेत्रीय और जातीय समीकरण में संतुलन बना रखते हुए आज धामी मंत्रिमंडल में पांच नए मंत्रियों की ताजपोशी की गई है। इसमें जिला देहरादून से विधायक खजान दास, जिला रुद्रप्रयाग से विधायक भरत सिंह चौधरी, जिला हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा और जिला नैनीताल से विधायक राम सिंह खेड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है।
पुष्कर सिंह धामी सरकार 2.0 में 4 साल तक की छोटी कैबिनेट चलाने के बाद आखिरकार पांचवें और अंतिम साल विधायकों को मंत्री पद का तोहफा दिया गया। स्वर्गीय चंदन रामदास की मृत्यु और प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफा के बाद कैबिनेट में एक लंबे समय से विस्तार की चर्चा जोरों पर थी। क्षेत्रीय, जातीय और सही समय का संतुलन बनाने के लिए भाजपा हाई कमान को एक लंबा समय लगा। अब जब की सरकार को पांचवा वर्ष लग चुका है, भाजपा हाई कमान ने फैसला लेते हुए धामी कैबिनेट में पांच नए चेहरे शामिल कर लिए हैं।
नवरात्र के शुभ मुहूर्त पर कैबिनेट में पांच नए चेहरों के साथ पुष्कर सिंह धामी सरकार ने 2027 की तैयारी शुरू कर दी है। देहरादून में मुन्ना सिंह चौहान और विनोद चमोली के मुकाबले पार्टी ने खजान दास पर भरोसा किया है। इसके साथ ही एक लंबे समय बाद खजान दास की कैबिनेट में वापसी हुई है। खजान दास डॉक्टर रमेश पोखरियाल निशंक सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। वही हरिद्वार में भाजपा ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मैदान के लिए मदन कौशिक जरूरी है। राजनीतिक गलियारों में यह उम्मीद लगाए जा रही थी कि शायद आदेश चौहान को कैबिनेट में शामिल किया जाएगा लेकिन अंतिम समय में भाजपा हाई कमान ने एक बार फिर मदन कौशिक पर भरोसा जताया है। प्रदीप बत्रा को पहली बार कैबिनेट में जगह दी गई है। रुड़की से विधायक प्रदीप बत्रा कांग्रेस से भाजपा में आए थे। उनके साथी एक लंबे समय से कैबिनेट में अपनी भूमिका निभा रहे हैं लेकिन अब प्रदीप बत्रा को भी कैबिनेट में शामिल कर लिया गया है। रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ से आशा नौटियाल और रुद्रप्रयाग से भरत सिंह चौधरी दोनों नाम पर चर्चा जारी थी लेकिन पार्टी ने भरत सिंह चौधरी पर विश्वास जताया है। वही नैनीताल जिले से पार्टी ने राम सिंह खेड़ा को मंत्री बनाया है। राम सिंह पहले निर्दलीय जीते थे लेकिन इस बार वो भाजपा में शामिल हो गए थे।