नई दिल्ली : रुपया डॉलर के मुकाबले इतिहास के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। अपनी रिकॉर्ड गिरावट के साथ रुपया पहली बार 93 के स्तर को पार कर गया है। डॉलर की मजबूती और FII बिकवाली के दबाव में रुपया 19 पैसे गिरकर 93.08 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर मौजूद है। इससे पहले बुधवार को रुपया 49 पैसे गिरकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर 92.89 पर बंद हुआ था। अब 2 दिन की लगातार गिरावट ने डॉलर के मुकाबले रुपए को इतिहास के निचले स्तर पर पहुंचा दिया है।
बताया जा रहा है कि अमेरिकी डॉलर की मजबूती और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली के चलते रुपये पर दबाव बना हुआ है साथ ही पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया है। सेंसेक्स और निफ्टी में भी लगातार गिरावट इसकी बड़ी वजह है। गुरुवार को जब एफपीआई बिकवाली कर रहे थे तब सेंसेक्स और निफ्टी 21 महीने के निचले स्तर पर गिर गए। वहीं डॉलर सूचकांक, जो छह मुद्राओं की एक टोकरी के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापता है, 0.17 प्रतिशत बढ़कर 100.25 पर कारोबार कर रहा था। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.64 प्रतिशत गिरकर 106.9 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।