मुम्बई: आमिर खान यानि मिस्टर परफैक्ट जब कोई फिल्म लेकर आते हैं तो दर्शक उनके नये अंदाज़ पर दांतो तले उंगुलियां दबा लेते हैं। अन्य अभिनेताओं की तुलना में उनकी फिल्में बनाने की संख्या भले ही कम हो लेकिन उनकी अभिनित फिल्में दर्शकों पर एक अलग छाप छोड़ती हैं और जो संदेश वो देने की कोशिश करते हैं वो लोगों के दिलों पर लिखा रह जाता है। आजकल उनकी दंगल फिल्म दुनियाभर में वो रिकार्ड बना रही है जिसके लिए पूरा बाॅलीवुड सिर्फ सपने देखा करता था। यूं तो ये फिल्म भारत और कई अन्य देशों में दिसम्बर 2016 में रिलीज हुई थी लेकिन हाल ही में चीन में रिलीज करने के बाद फिल्म एक के बाद एक नये रिकार्ड बना रही है। मौजूूदा आश्चर्यजनक रिकार्ड के अनुसार दंगल विश्व की सबसे बड़ी 5 गैर अंग्रेज़ी फिल्मों में शामिल हो गई है। दंगल की कुल कमाई 301 मिलियन डाॅलर हो चुकी है। अब उससे आगे गैर अंग्रेजी फिल्मों में चाइना की मरमेड (533 मिलियन डाॅलर) और मोनस्टर हंट (386 मिलियन डाॅलर), फ्रांस की अनटचऐबल्स (427 मिलियन डाॅलर) और जापान की योर नेम (354 मिलियन डाॅलर) ही है। इससे पूर्व हिन्दी फिल्मों में भी भले ही बाहूबली फिल्म ने दंगल से पहले 1000 करोड़ का आंकड़ा पार किया हो लेकिन हाल ही में दंगल बाहुबली से 300 करोड़ आगे चल रही है और जल्द ही 2000 करोड़ का जादुई आंकड़ा भी छू सकती है।